कोल्हुई। स्थानीय थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनरसिहा खुर्द में रविवार को गांव के समीप एक पोखरे में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी।
ग्रामीणों का कहना है कि पोखरा गांव के बिल्कुल नजदीक है, जहां अक्सर लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए आते-जाते रहते हैं। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी से किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मगरमच्छ को जल्द से जल्द रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है। इसकी सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से पोखरे के आसपास नहीं जाने की अपील की है।
साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, ताकि मगरमच्छ के कारण किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। इस संबंध में ग्राम प्रधान बनरसिहा खुर्द प्रभुदयाल वर्मा ने बताया कि मामले की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए मगरमच्छ को जल्द रेस्क्यू कराने का प्रयास किया जा रहा है।