सिसवा बाजार। दुबई में कमाने गए कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खुडूरी निवासी युवक की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मंगलवार की सुबह जब परिवार वालों को घटना की जानकारी मिली तो पूरे घर में कोहराम मच गया। वह अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था।
पारिवारिक स्थिति ठीक न होने के कारण रंजीत अपने रिश्तेदार व मित्रों से उधार के पैसे लेकर डेढ़ वर्ष पूर्व कमाने के उद्देश्य से दुबई गए थे। वहां पहुंच रंजीत ने काम शुरू कर दिया और धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई तो रंजीत ने पहले घर पर पैसे भेज अपने कर्ज को चुकता किया।
इसके बाद वह हर महीने घर खर्च के लिए पैसे भेजता रहता था। इसी बीच मंगलवार को उनके घर सुबह फोन पर यह सूचना मिली कि रंजीत की हृदय गति रुकने के कारण मौत हो गई है। इसके बाद पूरे घर में कोहराम मच गया। रंजीत की पत्नी व दो मासूम बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। रंजीत के शव को वापस भारत मंगवाने के लिए घर वाले प्रयास कर रहे हैं।