संदिग्ध अवस्था में महिला की मौत पर सीएचसी बनकटी पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजन समय से एंबुलेंस न मिलने का आरोप लगा रहे थे।
बृजमनगंज क्षेत्र के पट्टीवार निवासी कौशिल्या बुधवार की सुबह खेत की तरफ शौच करने गई थी।
उसी दौरान वहीं पर बेहोश होकर गिर पड़ी। काफी देर के बाद किसी ने इसकी सूचना घरवालों को दी तो घरवाले महिला को वहां से घर लाए। जहां से 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस का इंतजार करने लगे।
काफी देर तक इंतजार में बैठे रहे। एक घंटा तक एंबुलेंस नहीं पहुंची तो घर के लोग निजी साधन से महिला को सीएचसी धानी पर इलाज के लिए ले गए। वहां पर कोई चिकित्सक मौके पर नहीं मिला।
इस पर लोग महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकटी ले आए। जहां पर डॉक्टर एसपी वर्मा ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला के परिवारवाले भड़क उठे और हंगामा करने लगे।
उनका आरोप था कि एंबुलेंस समय से पहुंची होती तो महिला की जान बच जाती। वे मौत का कारण जानना चाह रहे थे। जिस पर डॉक्टर ने मौत का कारण पोस्टमार्टम कराने के बाद पता चलने की बात कही। जिस पर लोग हंगामा करते हुए डाक्टर से उलझ गए।
लोगों के काफी मनाने के बाद लोग माने। इस सबंध में चिकित्सक एसपी वर्मा का कहना है कि महिला मृत अवस्था में ही अस्पताल लाई गई थी।