शामली । किराये के मकान में रह रही किशोरी के साथ मकान मालिक के पुत्र ने दुष्कर्म किया। किशोरी ने परिजनों को बताया, तो आरोपी वहां से भाग निकला। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भिजवा दिया।
क्षेत्र के एक मोहल्ले में मकान में किराये पर एक परिवार रहता है। परिवार के साथ ही उनकी 13 वर्षीय भतीजी भी रहती है। आरोप है कि मंगलवार की रात को मकान मालिक के पुत्र भूरा ने किशोरी को दबोच लिया और डरा धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
किशोरी ने परिजनों को घटना के बारे में बताया, तो आरोपी वहां से फरार हो गया। बुधवार को किशोरी के परिजनों ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली और किशोरी को मेडिकल के लिए भिजवा दिया।
कोतवाली प्रभारी आरबी सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपी की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिल सका।