दीवार से दबकर बालक की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
अड्डा बाजार। नईकोट में रविवार की सुबह लगभग छह बजे बारिश के दौरान गिरी दीवार के नीचे दबकर तीन वर्षीय बालक की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। हादसेे के बाद गांव में कोहराम मच गया। लोगों ने मलबा हटाकर बच्चे का शव निकाला। बालक की मौत के बाद घर वालों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस को सूचना दिए बिना ही परिजनों ने उसकी अंत्येष्टि कर दी।
नौतनवां थाना क्षेत्र के नईकोट गांव के राजेंद्र यादव का तीन वर्षीय छोटा बेटा शिवेक रविवार की सुबह लगभग छह बजे जगने के बाद सामने सड़क पार घारी पर काम कर रहे दादी-दादा के पास जा रहा था। रात से ही बारिश हो रही थी। वह जैसे ही पुराने घर के पास पहुंचा, दीवार उसके ऊपर गिर गई। परिजन और ग्रामीण शोर मचाते मौके पर पहुंचे और जल्दी-जल्दी मलबा हटाए। लेकिन शिवेक की मौत हो चुकी थी।
सूचना पाकर राजस्वकर्मी मौके का जायजा लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों की सिफारिश पर शव को दफनाने की अनुमति दे दी। उसके बाद जोगियाबारी घाट ले जाकर मिट्टी दे दी गई। बालक शिवेक की मौत के बाद घर वालों का रो रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष रामायण यादव ने बताया कि बच्चे की मौत परिजनों के सामने दीवार गिरने से हुई है। उनके और लोगों के आग्रह पर शव उन्हें सौंप दिया गया।