महराजगंज। कोल्हुई क्षेत्र के महेशपुर मेंहदिया के पास 18 दिन पहले एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को चाकू मारकर लूट की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है। घटना में शामिल बदमाश नूर आलम उर्फ समीम को गिरफ्तार कर उससे लूट की रकम, बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किया है। मछलीगांव थाना कैंपियरगंज जिला गोरखपुर निवासी नूर आलम उर्फ समीम ने ही संतकबीरनगर के मेंहदावल में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के साथ लूट की थी। पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की गई है।
पुलिस आफिस में पत्रकार वार्ता में एसपी भारत सिंह ने बताया कि 31 अगस्त को कोल्हुई थाना क्षेत्र के कम्हरिया खुर्द निवासी व एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक प्रदीप वर्मा बैंक से 2.15 लाख रुपये निकालकर मुड़िली जा रहे थे। वह महेशपुर मेंहदिया के पास पहुंचे थे कि बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक कर चाकू मार दिया और डिकी में रखे 2.15 लाख लेकर भाग निकले थे। मुकदमा दर्ज कर पुलिस अभियुक्तों की तलाश कर रही थी।
एसओ विनोद कुमार राव व क्राइम ब्रांच की टीम शनिवार की देर शाम लक्ष्मीपुर कैथवलियां के करीब की गैस एजेंसी के पास से अभियुक्तों के होने की सूचना पर पहुंची थी। इसी बीच एक बाइक सवार आता दिखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। टीम के सदस्यों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम नूर आलम उर्फ समीम निवासी मछलीगांव थाना कैंपियरगंज जिला गोरखपुर बताया। उसके पास से लूट के 21640 रुपये, एक तमंचा दो कारतूस, एक मोबाइल सहित लूट में प्रयोग की गई बाइक भी बरामद की। पूछताछ में अभियुक्त ने घटना में शामिल अनुज तिवारी, सोमनाथ उर्फ सोनू व छोटक निवासी महदेवा थाना फरेंदा बताया।
एसपी ने बताया कि अनुज तिवारी की क्राइम हिस्ट्री निकाली जा रही है। संतकबीरनगर के मेंहदावल में वह ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के साथ लूट की घटना को अंजाम दे चुका है। शेष अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम दिया जाएगा।