आरा मशीन को सील करती वन विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज।वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी रखने और लकड़ियां स्टॉक रजिस्टर में दर्ज न होने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर के भगवती प्रसाद नायक आरा मशीन को सील कर दिया। साथ ही आरा मशीन के लाइसेंस को अस्थाई रूप से निलंबित कर दिया गया है।
प्रभागीय वनाधिकारी ने जिले के सभी रेंज में हो रहे कटान को रोकने के लिए निर्देश दिया है। वन विभाग इलाहाबाद से आई टीम ने जिले के वन विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर सभी आरा मशीनों की जांच कर रही है। इसी क्रम में टीम ने नगर के एक आरा मशीन पर जांच की तो स्टाक रजिस्टर में मार्च में 119 बोटा लकड़ी ही दर्ज थी जबकि मौके पर अधिक लकड़ी मिली। जिला उप प्रभागीय वनाधिकारी ने आरा मशीन को सील कर दिया। जांच टीम में उप प्रभागिय वनाधिकारी अजय स्वरूप पांडेय, क्षेत्रीय वनाधिकारी पकड़ी ओपी मिश्रा, अशोक सिंह वन दरोगा, रामचन्द्र वन दरोगा, विजय कुमार शर्मा शामिल रहे।
डीएफओ ने मनीष सिंह ने कहा कि जिले में हो रही लकड़ी की कटान को रोकने के लिए सभी क्षेत्रों में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि नगर के इस आरा मशीन की शिकायत पहले भी हुई थी । मुखबिर की सूचना पर जांच किया गया तो स्टाक रजिस्टर में दो माह पहले कुछ दर्ज नहीं है। वही मार्च माह में मात्र 119 बोटे लकड़ी ही दर्ज है । जबकि मौके पर ज्यादा लकड़ी पाए जाने पर यह आरा मशीन सील कर दिया गया। साथ ही लाइसेंस को अस्थाई रूप से निलंबित कर दिया गया है।