नौतनवां। लक्ष्मीपुर के टोला बैकुंठपुर में शुक्रवार की रात झोपड़ी में लगी आग से दो मासूमों की मौत हो गई। साथ ही दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना पाकर डॉयल 100 नंबर तथा एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। दीपक से आग लगने का कारण बताया जा रहा है।
सोनौली कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मीनगर के टोला बैकुंठपुर में शुक्रवार की रात लगभग 10 बजे राममिलन पासवान की पत्नी प्रेमलता अपने दो बेटों अरविंद (7) और अमित (5), बेटी पूजा (3) के साथ अपने झोपड़ी में सो रही थी। झोपड़ी में रखे दीये से अचानक आग लग गई। इसमें अरविंद, अमित तथा मां प्रेमलता गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नौतनवां ले जाया गया जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही अरविंद की मौत हो गई। अमित और प्रेमलता को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रात लगभग तीन बजे अमित ने भी दम तोड़ दिया। जबकि मां प्रेमलता का इलाज चल रहा है। पूजा का भी एक हाथ हल्का सा जल गया है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंद्रजीत यादव ने बताया कि अभी तक कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। हल्का लेखपाल जगदीश लाल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचकर जायजा लिए। मृतक बच्चों के पिता राममिलन मुंबई में किसी फैक्ट्री में काम करते हैं।