नौतनवां में कस्टम विभाग द्वारा सोने की तस्करी में पकड़े गये दो आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
नौतनवा(महराजगंज)। कस्टम विभाग ने बृहस्पतिवार की सुबह नौतनवा के बनैलिया मंदिर चौराहे के समीप सोनौली से आ रही कार में बैठे दिल्ली के करोलबाग निवासी दो युवकों के पास से 446 ग्राम वजन के 56 सोने सिक्कों को बरामद किया है। बरामद सोने की कीमत लगभग ग्यारह लाख रुपये बताई जा रही है। एक हफ्ते में कस्टम वालोें ने सोने की यह तीसरी बरामदगी की है।
मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार सुबह कस्टम अधीक्षक सुरेंद्रराम, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार व इंस्पेक्टर लवलेश कुमार की टीम बनैलिया चौराहे पर नेपाल की तरफ से आने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। इस बीच उस ओर से आ रही टैक्सी को रोका। उसमें बैठे दो युवकों को संदेह के आधार पर कस्टम कार्यालय लाया गया। गहनता से उनकी तलाशी ली गई तो दोनों के जूतों के तल्ले (सोल) में छिपाकर रखे ब्रिटेन निर्मित 56 सोने के सिक्के बरामद हुए। सिक्कों का कुल वजन 446 ग्राम निकला।
पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान करोलबाग दिल्ली निवासी गौरव सबरवाल एवं संजय अरोरा बताया। गौरव ने बताया कि उसके दादा ललित सबरवाल की करोलबाग में लक्ष्मी ट्रेडर्स नाम की आभूषण की दुकान है। काठमांडू में बहादुर नामक व्यक्ति से यह सोना खरीदकर उसे दिल्ली ले जा रहे थे। कस्टम इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि बरामद सोने को सीज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।