नौतनवा/अड्डा बाजार। महाराजगंज की पुलिस ने नौतनवा थाना अंतर्गत अड्डा बाजार में बुधवार सुबह करीब दस बजे नाटकीय ढंग से तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्यवाही से लोग काफी सकते में रहे।
मिली खबर के मुताबिक, पुलिस की एक वाहन अड्डा बाजार बाईपास चौराहे पर पहुंची और वहीं पर स्थित एक चाय की दुकान पर रह रहे अनूप (30) को दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर गांव के रघुराई (22) एवं राकेश (34) को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों ने बताया कि कुछ दिन पहले सिंदुरिया क्षेत्र में मुनीम ने किशोरी को अगवा कर लिया था। उसी की बरामदगी के लिए चौकी प्रभारी सिंदुरिया ने जांच पड़ताल के लिए तीनों युवकों को हिरासत में लिया है। घटना के बाबत इंस्पेक्टर नौतनवा बृजेश वर्मा ने कहा कि इस बाबत उन्हें कोई जानकारी नहीं है।