अलग- अलग क्षेत्रों में हुईं सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी की। दुर्घटना का शिकार हुआ एक युवक नेपाल राष्ट्र के कतौरा मधुबनिया का रहने वाला था।
कोल्हुई प्रतिनिधि के मुताबिक शुक्रवार रात में पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के कतौरा मधुबनिया निवासी बुद्धिराम क्षेत्र के के रुदलापुर में विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। रात करीब 11 बजे मुख्य मार्ग को पार करते समय अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। थोड़ीदेर बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। कुछ ही देर में गांव के लोग भी पहुंच गए शिनाख्त होने के बाद घटना की जानकारी बुद्धिराम के घर वालों को दी गई।
दूसरी घटना में बभनी चौराहे पर सवारी गाड़ी ने एक बाइक को टक्कर मार दी जिससे दो लोग घायल हो गए। दोपहर में भगीरथपुर के रहने वाले श्यामलाल व राजेन्द्र एक ही बाइक पर सवार हो कर घर आ रहे थे । इसी बीच लोटन रोड के बभनी चौराहे पर एक अनियंत्रित टाटा मैजिक वाहन ने टक्कर मार दिया। जिसमे दोनों लोग घायल हो गए। लोगो ंकी मदद से उन्हें कोल्हुई के एक प्राईवेट अस्पताल लाया गया। जहां पर दोनों का इलाज चल रहा है।
निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार झुलनीपुर मार्ग स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट शनिवार सुबह स्कूल बस की ठोकर से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। खबर के मुताबिक सुबह करीब साढे़ आठ बजे बच्चों को स्कूल लाने झुलनीपुर की ओर जा रही एक बस और बाइक में टक्कर हो गई। बाइक सवार छोटू निवासी कसम्हरियां गंभीर रूप घायल हो गया जिसे तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान ही छोटू की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छोटू अपने बेटे मुन्ना के साथ एक वैवाहिक समारोह में हिस्सा लेने सेमरहना आए थे। शनिवार सुबह बाइक से ही घर लौट रहे थे। रास्ते में ही हादसा होगा। मौके पर पहुंची पुलिस बाइक व बस को कब्जे में लेकर अज्ञात बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर शव को पीएम के लिए भेज दिया।
परतावल प्रतिनिधि के अनुसार श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी श्रवणकुमार पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास बैगानर कार ने सामाने से आ रहे मे मोपेड सवार को ठोकर मार दिया। बचाने के प्रयास में कार रोड के किनारे गड्ढे में जाकर पलट गई। जिसमें मोपेड सवार मंजुराम यादव निवासी मंगलपुर टोला मनईतापुर थाना गुलहरिया गोरखपुर बुरी तरह से घायल हो गया। परिवार वाले आनन-फानन मे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटहट ले गये ।जहां हालत गंभीर देख डाक्टरो ने मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शनिवार सुबह मंजुराम की मौत हो गई ।