चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं से पुलिस की गश्त बेकार साबित हो रही है। ऐसा लगता है कि पुलिस मात्र खानापूरी कर रही है। अभी चार माह पहले जिस दुकान का ताला तोड़ कर चोरी की गई थी। उसी दुकान पर बुधवार की रात फिर चोरों ने हाथ साफ कर दिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों को जल्द पकड़ने की बात कह रही है।
फरेंदा कस्बे के प्रिंस जायसवाल की नौतनवां रोड पर जायसवाल फार्मा के नाम से दुकान है।सुबह उनकी दुकान का शटर टूटा हुआ था। चोरों ने दुकान में घुस कर दो हजार नकदी उठा ली। उनके पास ही टिल्लू वर्मा की रत्ना कम्यूकेशन के नाम से तेल, मैदा, चीनी की थोक की दुकान है। उनके यहां से भी चोर शटर तोड़कर 80 हजार नकदी व एलईडी टीवी उठा ले गए। दोनों दुकानदारों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर स्थानीय दुकानदारों में गुस्सा है। उनका कहना है कि आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं लेकिन पुलिस उसका खुलासा नहीं कर रही है।
एसओ दिलीप कुमार शुक्ला का कहना है टिल्लू वर्मा की दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में चोरो की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं हैं। शीघ्र ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।