अड्डा बाजार/रतनपुर। बैरवा जंगल के पास शनिवार सुबह रोहिन नहर में बाइक समेत एक युवक का शव मिला है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम वह पड़ोसी की बाइक लेकर पत्नी को लाने के लिए ससुराल निकला था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह का पता चलेगा।
नौतनवा क्षेत्र के भैसहिया पाठक निवासी विजय प्रसाद चौधरी पड़ोसी की बाइक लेकर शुक्रवार शाम करीब आठ बजे परसामलिक क्षेत्र के विसखोप के टोला लक्ष्मीपुर के लिए निकला था। शनिवार सुबह एक राहगीर गुजर रहा था। तभी उसका ध्यान बरैवा जंगल के पास रोहिन नहर में गया। वहां युवक का शव पड़ा था। बगल में बाइक भी थी।
इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। कुछ ही देर में शव की शिनाख्त विजय प्रसाद चौधरी के रूप में हुई। सूचना के बाद घर वाले मौके पर पहुंच गए। मृतक के बड़े भाई राम प्रकाश ने बताया कि उसकी पत्नी और बच्चे मायके में थे। उन्हें लाने के लिए निकला था।
आशंका है कि अनियंत्रित होकर बाइक समेत नहर में गिर गया। रात होने के कारण किसी की मदद नहीं मिल सकी होगी जिससे मौत हो गई। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई का कहना है कि विजय पिता व उससे अलग रहता था। जिसके वजह से रात में ससुराल पहुंचने की जानकारी नहीं कर सका। उसकी पत्नी पांच दिन पहले ही मायके गई थी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रामायण यादव ने बताया कि बाइक तथा युवक का शव लोगों और पुलिस के सामने पानी से बाहर निकाला गया। पिता भंडारी की मौजूदगी में पंचनामा कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चलेगा। लोग इसे हत्या मान रहे हैं।