फरेंदा। फरेंदा-धानी मार्ग पर मंगलवार की रात बाइक से घर लौट रहे एक व्यक्ति के सीने में पिकअप पर लदी लोहे का सरिया घुस जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ पीजीआई ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
फरेंदा थाना क्षेत्र के बड़हरा देवी चरन निवासी बेचन अग्रहरि (55) अपनी बाइक से धानी से रात 8 बजे अपने घर जा रहे थे। धानी से कुछ दूर आगे पहुंचे थे कि सरिया लादकर पिकअप खड़ी थी। उसे न देख पाने के कारण लोहे का सरिया उनके पेट में घुस गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी धानी ले जाया गया जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के बाद लखनऊ ले जाते समय बुधवार को उनकी मौत हो गई। परिजनों का इस भयानक हादसे के बाद रो-रो कर बुरा हाल है। पूरा परिवार सदमे में है।