नौतनवा। नगर के ठूठीबारी चौराहे के समीप पेट्रोलपंप के पास सोमवार की सुबह गोरखपुर से सोनौली जा रही रोडवेज की बस से कुचलकर एक चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है।
खबर के मुताबिक नगर के शास्त्रीनगर नगर निवासी व्यवसायी रामरूप जायसवाल अपने बेटे राजेश और पौत्री राजवी के साथ पेट्रोलपंप के निकट अपने बागीचे में जा रहे थे। बाप-बेटे बागीचे के गेट के अंदर घुसे लेकिन उनकी पौत्री राजवी सड़क पर रह गई। इसी दौरान तेज रफ्तार मेें गोरखपुर की तरफ से आ रही आलमबाग डिपो की जनरथ बस ने राजवी को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
एसओ बृजेश वर्मा का कहना है कि बस और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चल रही थी जन्मदिन की तैयारी
नौतनवा। चार साल की राज्वी की मौत से पूरा कसबा गम में डूब गया। मंगलवार को उसका जन्म दिन था। पुश्तैनी बगीचे में उसके पापा और दादा जन्मदिन की तैयारी में जुटे थे। राजवी की जिद थी की इस बार वह अपने जन्म दिन पर परी बनेगी। घटना के बाद परिवार वालों को उसके यह शब्द कौंध रहे हैं। कसबे के निवासी राजेश जायसवाल के दो बच्चों में से चार साल की राजवी बड़ी थी। इससे छोटा एक बेटा है। कसबे के एक प्लेवे स्कूल में पढ़ती थी। उसके दादा रामरूप जायसवाल उसे प्रतिदिन शास्त्रीनगर मुहल्ले केे अपने घर से कुछ दूर पर स्थित अपने पुश्तैनी बगीचे में टहलाने ले जाते थे। सोमवार को भी वे अपने प्यारी पोती को बगीचे में ले गए थे। उन्हें क्या पता था कि आज उनकी पोती को साथ यूं ही छूट पल भर में छूट जाएगा।