महराजगंज। रविवार को नगर के एसबीआई एटीएम के सामने नो कैश का बोर्ड देख भड़के लोगों ने बैंक के सामने सड़क जाम कर दी। नगर चौकी इंचार्ज ने बैंक मैनेजर से वार्ता कर समझा-बुझाकर शांत कराया। जिले भर में बैंकों के 89 एटीएम हैं। कैश की व्यवस्था न हो पाने से महज 30 एटीएम ही कार्य कर रहे हैं। 59 एटीएम बंद पड़े हैं। लीड बैंक के मैनेजर एके निगम ने बताया कि एटीएम केवल देहात एरिया के ही बंद पड़े हैं।
रविवार को एसबीआई मेन ब्रांच के एटीएम पर चार बजे भोर में लोग लाइन लगा कर खड़े हो गए थे। सुबह आठ बजे बैंक का एक कर्मचारी बैंक से आया और बिना किसी से कुछ कहे उसने नो कैश का बोर्ड टांग कर अंदर चला गया। नो कैश का बोर्ड देख मौजूद ग्राहक भड़क गए और प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते सैकड़ों लोगों ने एटीएम के सामने जाम लगा दिया।
आने जाने वाले वाहनों को भी रोक दिया। इस दौरान अनारी देवी, सुमित्रा देवी, विन्दा देवी, सेनू गुप्ता, शकुंतला देवी, दीप्ति गुप्ता, आसमा बेगम, सलाना खातुन, सुमित्रा, पूजा साहनी, गुलशना जहां, संजय सिंह, गोविंद पांडे, मशहूर आलम, मोहन वर्मा, प्रदीप अग्रहरि आदि नारेबाजी करने लगे। जाम की सूचना पर नगर चौकी इंचार्ज कन्हैया पांडे मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। ग्राहकों का गुस्सा देख उन्होंने तत्काल मैनेजर से वार्ता की।
बैंक मैनेजर ने आश्वासन दिया कि तीन बजे के बाद एटीएम में कैश डाला जाएगा। नगर चौकी इंचार्ज ने जाम लगा रहे ग्राहकों को मैनेजर की बात बताई और जाम समाप्त करने की अपील की। इसके बाद भी कुछ लोग आने जाने वाले वाहनों को रोकने लगे। चौकी इंचार्ज ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया। चौकी इंचार्ज के तेवर देख लोगों ने तत्काल सड़क को खाली कर दिया और आवागमन भी चालू हो गया।
नगर में दर्जन भर से उपर एटीएम स्थापित है। मगर रविवार को एक भी एटीएम नहीं खुला था। जिससे पूरे दिन ग्राहक परेशान दिखे। नगर के बैंक रोड़ पर एसबीआई का एटीएम, एचडीएफसी का एटीएम, एक्सिस बैंक का एटीएम, बैंक आफ बडौदा, बैंक आफ महाराष्ट्रा, केनरा बैंक, यूनियन बैंक, सिडिकेट बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, कामर्स बैंक का आफ इंडिया, इंडियन बैंक, इलाहाबाद बैंक, बैक आफ इंडिया, यूको बैंक, सेन्ट्रल बैकं, पूर्वांचल ग्रामीण बैंक व नगर सहकारी बैंक के लगे एटीएम सभी बंद मिले । जिससे ग्राहको को बडी परेशानी हुई है।
वही खुंटहां बाजार से आयी दीप्ति गुप्ता ने बताया की घर पर पिता की तबियत खराब होने से पैसे की आवश्यकता थी सुबह पांच बजे भाई के साथ एटीएम से पैसा निकालने आये थे। मगर नगर के सभी एटीएम बंद मिले जिससे काफी निराशा हुई है। मसहूर आलम इमिलिया ने बताया की 30 दिसंबर को घर पर बहन की शादी है।
शादी की व्यवस्था के लिए लोगों को बयाना देना था मगर सभी एटीएम बंद होने से पॅसा नही मिल सका। पतरोगंवा निवासी मोहन वर्मा ने बताया की तीन दिन से एटीएम में लाईन लगने के बाद भी पैसा न मिलने पर रविवार को एटीएम से पैसा निकालने के लिए सुबह पांच बजे घर से चले आये और आकर एसबीआई के एटीएम में लाईन में लग गये मगर आठ बजे कर्मचारी द्वारा नो कैश का बोर्ड लगा दिया इससे काफी निराश हुई उसके बाद से नगर के स्थापित दर्जनो एटीएम का चक्कर लगाया मगर कही भी एटीएम नही खुला था । शकुन्तला देवी निवासी परासखाड़ ने बताया की खेती करने के लिए पैसा निकालने आये थे मगर पैसा न मिलने पर काफी दुखी हूं।