फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लिंग परीक्षण करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो डॉक्टर गिरफ्तार

Mon, 12 Dec 2016 12:21 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला /गाजियाबाद
विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हरियाणा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने राजनगर एक्सटेंशन से एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है जो लिंग परीक्षण करने का गोरखधंधा चला रहा था। गैंग में शामिल दो डॉक्टरों को गिरफ्तार किया गया है, इनमें एक महिला डॉक्टर भी है। पुलिस ने मौके से लिंग परीक्षण करने की पोर्टेबल मशीन और दो हजार रुपये के 13 नोट बरामद किए हैं। 
विज्ञापन


पकड़े गए आरोपियों में डा. अनीता निवासी राई थाना क्षेत्र सोनीपत और डा. गजेंद्र निवासी राजनगर एक्सटेंशन शामिल हैं। गजेंद्र का साथी एक डॉक्टर फरार है। लिंग परीक्षण कराने आई महिला और डॉ. अनीता के ड्राइवर की भूमिका की जांच की जा रही है।

एडीएम प्रीति जायसवाल के मुताबिक, सोनीपत में डॉक्टर अनीता आयुषी नाम से अपना क्लीनिक चलाती है और क्लीनिक की आड़ में वह लिंग परीक्षण का काम करती है, जहां उसने एक गर्भवती महिला से लिंग परीक्षण कराने की एवज में 26 हजार रुपये की डील की। डील के दौरान दो हजार रुपये की नई करेंसी की मांग की थी।
विज्ञापन


इसके बाद अनीता ने राजनगर एक्सटेंशन स्थित केडीबी ग्रांड समाना सोसायटी में रहने वाले डॉक्टर गजेंद्र से लिंग परीक्षण के लिए संपर्क साधा। गजेंद्र से बात तय होने के बाद अनीता अपने साथ गर्भवती महिला को लेकर शनिवार रात राजनगर एक्सटेंशन पहुंची, जहां एक डॉक्टर निवासी मोहन नगर ने गजेंद्र के घर पर गर्भवती महिला का लिंग परीक्षण किया।

उधर, मुखबिर की सूचना के बाद गाजियाबाद में दबिश देने पहुंची सोनीपत पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर आदर्श शर्मा ने बताया कि उन्हें डॉ. अनीता के गोरखधंधे के बारे में कई बार शिकायत मिली थी।

इसके बाद उनकी टीम लगातार डॉ. अनीता के पीछे लगी थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना के बाद उन्होंने सोनीपत पुलिस को साथ लेकर डॉ. अनीता का पीछा किया और उन्होंने गाजियाबाद प्रशासन की मदद से अनीता और डॉ. गजेंद्र को राजनगर एक्सटेंशन इलाके से गिरफ्तार किया।

इस संबंध में चीफ सीएमएस ने सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सेकेंड मनीष मिश्र ने बताया कि पुलिस आरोपी डॉक्टर की तलाश में दबिश दे रही है, जल्द ही उसे भी गिरफ्तार लिया जाएगा। आरोपी गजेंद्र होम्योपैथिक और अनीता बीएएमएस बताई जा रही है। 

हरियाणा में थी सख्ती, इसलिए आए गाजियाबाद

 लिंग परीक्षण करने पर हरियाणा में सख्ती होने की वजह से आरोपी डॉ. अनीता ग्राहक को लेकर गाजियाबाद आई थी।  हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के डॉ. आदर्श के बताया कि अनीता आरोपी डॉ. गजेंद्र और एक अन्य डॉक्टर को पहले से जानती थी।

इस काम का पर्दाफाश करने के लिए उन्होंने एक अन्य महिला के जरिए डॉ. अनीता से संपर्क साधा था। महिला ने अनीता से कहा था कि उसे गर्भ में पल रहे बच्चे का लिंग परीक्षण कराना है। फिर अनीता द्वारा बताए गए स्थान पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी इस महिला के साथ मौके पर पहुंच गई और धंधे का भंडाफोड़ कर दिया। 

गिरफ्तार की गई डॉ. अनीता से पूछताछ करने वाली टीम के एक अफसर का कहना है कि लिंग परीक्षण करने के आरोप में अनीता का पति डॉक्टर भी पूर्व में जेल जा चुका है। इसके अलावा फरार डॉक्टर के डॉक्टर पिता भी इसी मामले में पहले जेल जा चुके हैं।

सिहानी गेट पुलिस ने नहीं की मदद
सोनीपत के पुलिसकर्मियों और स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों का कहना है कि जब उन्होंने इस मामले में सिहानी गेट पुलिस से मदद मांगी तो उन्होंने मदद करने से मना कर दिया। सिहानी गेट पुलिस ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज करने से भी मना किया था।

हालांकि आला अधिकारियों की फटकार के बाद पुलिस ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज करा ली है। सवाल यह भी है कि गाजियाबाद के स्वास्थ्य विभाग और पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं थी, जबकि बताया जा रहा है कि यह गोरखधंधा यहां पिछले करीब छह माह से चल रहा था। 


डीएम को दी थी जानकारी
दबिश टीम का नेतृत्व कर रहे सोनीपत के डॉक्टर आदर्श शर्मा ने बताया कि उनके विभाग ने सात दिसंबर को गाजियाबाद की डीएम को पत्र लिखा था। इसमें आरोपियों की गिरफ्तारी में स्थानीय पुलिस व प्रशासन से मदद कराने की मांग की गई थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें