नौतनवां रेलवे आवास में टीसी के कमरे में तोड़फोड़ के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
खनुआ/नौतनवा। नौतनवा रेलवे स्टेशन पर शनिवार की शाम प्लेटफार्म पर बिना टिकट खड़े व्यक्ति का जुर्माना काटने से नाराज उसके साथियों ने देर रात रेलवे परिसर में स्थित टिकट कलेक्टर के सरकारी आवास पर धावा बोल दिया। बाहर का दरवाजा तोड़ कमरे में घुस गए और वहां मौजूद दो टिकट कलेक्टर के साथ मारपीट की। 20-25 की संख्या में पहुंचे अराजक तत्वों ने कमरे में तोड़फोड़ भी की और 21 हजार रुपये लूट ले गए।
टिकट कलेक्टर आशीष कुमार सिंह ने कहा कि शनिवार की शाम साढ़े पांच बजे प्लेटफार्म पर नौतनवा निवासी देवीशंकर यादव नामक व्यक्ति बिना टिकट खड़ा था। उन्होंने 260 रुपये का जुर्माना काट दिया। उससे नाराज देवीशंकर धमकी देकर चला गया। रात दस बजे वह टिकट कलेक्टर साथी जितेंद्र कुमार के साथ अपने क्वार्टर से प्लेटफार्म की तरफ जा रहे थे। तभी वहां शराब के नशे में खड़े दो व्यक्ति अपशब्दों का प्रयोग कर धमकी देने लगे।
उन लोगों की बातों को अनसुना कर वह जितेन्द्र कुमार के साथ वापस क्वार्टर पर चले गए। आधी रात करीब सवा बारह बजे उनके आवास के बाहर कुछ लोग अपशब्दों का प्रयोग कर दरवाजा पीटने लगे और बाहर निकलने की धमकी देने लगे। जब बाहर नहीं निकला तो 20-25 की संख्या में अज्ञात लोग दरवाजा तोड़कर लाठी-डंडों के साथ कमरे में घुस गए और उनको तथा उनके साथी को मारने पीटने लगे।
उनके हाथ और पैर में चोटें आई हैं। उन लोगों ने कमरे में रखा टीवी, इन्वर्टर, कुर्सी आदि तोड़ दी और पर्स में रखे 21 हजार रुपये निकाल ले गए। वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग कर आवास के पीछे छिप गए। लेकिन उनके साथी को वे लोग मारते पीटते कुछ दूरी तक ले जाकर छोड़ा।
उन्होंने घटना की सूचना स्टेशन अधीक्षक एपी पांडेय को दी। उसके बाद रात सवा एक बजे आरपीएफ जवानों के साथ वह थाने जाकर घटना की तहरीर दी। उनका कहना था कि इस घटना से वे लोग भयभीत हैं। सूचना के बाद भी पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। एसओ रामायण यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।