शराब बनाने की दो भट्ठियां पकड़ी
- फोटो : अमर उजाला
लक्ष्मीपुर। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कच्ची शराब के खिलाफ अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने शनिवार को कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान 45 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इसके साथ ही करीब दस क्विंटल लहन भी नष्ट की गई। हालांकि सभी आरोपी भागने में सफल रहे, लेकिन टीम ने दर्जनों भट्ठियां तोड़ते हुए दोबारा सख्त कार्रवाई का संकेत दिया।
आबकारी निरीक्षक बसंत प्रसाद के नेतृत्व में विभाग की टीम ने शनिवार को पुरंदरपुर थाना के वन ग्राम अचलगढ़ में छापेमारी की। यहां रामराजी के घर से 25 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। इसके बाद टीम ने इंद्रेश, शिवपूजन, राधेश्याम और भरत के घर भी छापेमारी की। यहां कच्ची शराब तो नहीं मिली लेकिन, करीब दस क्विंटल लहन बरामद हुई। टीम ने उसे वहीं नष्ट कर दिया और करीब दर्जन भर से अधिक भट्ठियां तोड़ डाली।
इसके बाद टीम ने पिपरा तहसीलदार में कई जगहों पर छापेमारी की। लेकिन कोई खास बरामदगी नहीं हुई। इसी क्रम में पुरंदरपुर थाना के ही जलालगढ़ में मिट्ठू के घर पर छापेमारी में टीम ने 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। टीम में कांस्टेबल दरोगा यादव, गेना सिंह, अरविंद कुमार त्रिपाठी व बृजगोपाल शामिल रहे।