महराजगंज/परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर छातीराम पेट्रोल पंप के निकट हुए हादसे में एक युवक की घटना स्थल पर मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
रविवार देर शाम को बाइक से हदीश निवासी छपिया व बसवार निवासी सुग्रीव परतावल चौक से छपिया जा रहे थे कि सामने से आ रही पिकअप की चपेट में सुग्रीव की बाइक आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुग्रीव का सिर फट कर सड़क पर बिखर गया। जबकि बाइक के पीछे बैठे हदीश बुरी तरह जख्मी हो गया।
वहीं पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी तरफ जाकर एक और बाइक को टक्कर मार दी। जिससे सोहसा बासपार निवासी नबीउल्लाह का पैर टूट गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को किसी तरह सीएचसी परतावल भेजवाया। जहां दोनों की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया जबकि मौके पर पहुंची पुलिस ने सुग्रीव के शव को पीएम के लिये भेज दिया है। वहीं मौके से पिकअप चालक गाड़ी को लेकर भाग निकाला।