घुघली। शनिवार की रात हरखी गांव के चौराहे पर गल्ला व्यवसायी से लूट की सूचना से घुघली पुलिस हलकान रही। जांच-पड़ताल के दौरान रकम गल्ला व्यवासायी के घर से रकम बरामद हुई। गल्ला व्यवसायी को पूछताछ के लिए पुलिस साथ ले गई। जखीरा चौराहे के पास स्थित हरखी गांव के चौराहे पर संजय गल्ला व्यवसायी की दुकान है।
बीती रात उन्होंने पुलिस को लूट होने की सूचना दे दी। बताया कि उनकी दुकान से दो लाख की लूट हो गई है। इस सूचना से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। जिले के पुलिस महकमे के अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष कुमार व थानाध्यक्ष मय फ़ोर्स घटना स्थल पर पहुंच गए।
संजय से पूछताछ करने पर पुलिस को मामला कुछ संदेहास्पद मालूम हुआ। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। घर की तलाशी में दो लाख रुपये बरामद हो गए। इस संबंध में थानाध्यक्ष आरके सिंह का कहना है कि लूट की घटना झूठी थी। व्यवसायी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
बाइक में पेट्रोल खत्म, भाग निकले चोर
पुरंदरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोहरवलिया कला से बीती रात में चोर एक बाइक की चोरी कर ले जा रहे थे। गांव के चौराहे पर बाइक में पेट्रोल खत्म हो गया तो चोर बाइक खड़ी कर भाग गए। गांव सोहरवलिया कला निवासी अजय विश्वकर्मा बीती रात अपनी बाइक बरामदे में खड़ी कर सो गए। रात में चोर बाइक उठा ले गए। गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर रानीपुर चौराहे पर पहुंचे थे कि बाइक में पेट्रोल खत्म हो गया। चोर वहीं बाइक को खड़ी कर चले गए। रविवार की सुबह को बाइक रानीपुर चौराहे पर होने की सूचना मिली तो अजय वहां पहुंचे और अपनी बाइक की पहचान की।