फरेंदा (महराजगंज)। निरनाम पूर्वी के जमुहरा खुर्द निवासी एसएसबी के जवान राजकुमार यादव एक माह पूर्व ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गये थे। इलाज के दौरान मंगलवार को सुबह करीब 9.30 बजे उनकी मौत हो गई। जवान का शव बुधवार को शाम चार करीब बजे घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
फरेंदा थाना क्षेत्र के निरनाम पूर्वी के जमुहरा निवासी राजकुमार यादव (29) एसएसबी की 19वीं बटालियन ठाकुरगंज बिहार में कांस्टेबल जीडी के पद पर तैनात थे। बीते साल 29 दिसबंर को रात में ड्यूटी के दौरान उन्हें संदिग्ध परिस्थितियों में सिर में गोली लग गई थी। इसकी जानकारी परिजनों को डिप्टी कमांडेंट विनय कुमार ओझा ने देते हुए बताया था कि राजकुमार यादव के सिर पर गोली लग गई है और उनका इलाज सिलीगुड़ी के नोटिया में चल रहा है। इसकी सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। उस दौरान एसएसबी जवान की हालत गंभीर थी। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज नार्थ बंगाल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान मंगलवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे जवान की मौत हो गई। बुधवार को शाम करीब चार बजे एसएसबी के जवान सेना के वाहन से राजकुमार का शव लेकर गांव पहुंचे, तो परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस व एसएसबी के जवानों की मौजूदगी में राजकुमार का शव अंतिम संस्कार के लिए धानी क्षेत्र के राप्ती नदी ले जाया गया। गार्ड आफ ऑनर देने के बाद अंतिम संस्कार किया गया।