पैकोलिया थाना क्षेत्र के बेलघाट बाजार चौराहे पर मारपीट मंे घायल लोग।
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा(ब्यूरो)। मथुरानगर में नाली सफाई के दौरान हुई कहासुनी में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें नौ लोग घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी में घायलों का इलाज चल रहा है।
फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम मथुरानगर टोला डोढ़पुर में शुक्रवार को दिन में 11 बजे अमरनाथ की पत्नी सीमा घर के सामने काफी दिनों से जाम पड़ी हुई नाली को साफ कर रही थी। इसी दौरान उसके पड़ोसी श्रीधर की पत्नी सुभावती से नाली सफाई को लेकर कुछ कहासुनी हो गई। बात आगे बढ़ गई और दोनों परिवारों के लोग आमने-सामने हो गए। कुछ ही देर बाद मामला मारपीट में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों से जमकर लाठी डंडे चले।
मारपीट में एक पक्ष से अमरनाथ चौधरी (35), सीमा देवी (30), सोनू, जगना देवी और राजवंता देवी घायल हो गईं। इनमें अमरनाथ चौधरी के सिर पर गंभीर चोटें आईं। दूसरे पक्ष से सुभावती देवी, पूजा, प्रियंका, व रिंकू भी घायल हो गए हैं। मारपीट देख गांव के लोग पहुंचे और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत करवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी भेजवाया गया। जहां पर सभी घायलों का इलाज चल रहा था। घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी नहीं दी गई थी।