बैजूडेहरा स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में रुपये जमा करने आए वृद्ध से खुद को बैंक कर्मी बताकर उचक्के ने सवा लाख रुपये उड़ा दिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
पनियरा थाना क्षेत्र के बैजूडेहरा निवासी चन्द्रभान वर्मा के बेटे ने विदेश से पैसा भेजा था। साथ ही चंद्रभान ने कुछ गेहूं भी बेचा था। इस रकम को जमा करने के लिए वह बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक शाखा बैजूडेहरा पहुंचे थे। दिन में करीब डेढ बजे बैंक का सर्वर फेल होने के कारण वह मदद के लिए गार्ड को तलाशने लगे। इस दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया। खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए उन्हें रकम शीघ्र जमा कराने का भरोसा दिलाया।
एक जगह उसने बुजुर्ग चंद्रभान को बैठाकर पास में ही बैठ गया। इसी बीच नजर बचाकर वह चंद्रभान का झोला लेकर चलता बना। जब सर्वर सही हुआ और चंद्रभान रकम जमा करने के लिए उठे तब झोला गायब देख उनके होश उड़ गए। चंद्रभान का शोर सुनकर भीड़ जुट गई। चंद्रभान ने बताया कि झोले में सवा लाख रुपये थे। बैंक के प्रबंधक ने सीसीटीवी कैमरे में चेक किया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।