डांट से क्षुब्ध छात्र फंदे पर लटका
- फोटो : अमर उजाला
परतावल (महराजगंज)। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में दादा की डांट से क्षुब्ध इंटर के छात्र ने फंदे से लटक कर जान दे दिया। छात्र के माता पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। उसके दादा ने पालन पोषण किया। घटना से वह सन्न रह गये। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक के दादा भोला चौरसिया (55) ने बताया कि दीपक चौरसिया (18) बीती रात मोबाइल पर देर तक बात कर रहा था। उसे देर तक बात करने के लिए मना किया। मुझे नहीं पता था कि वह इस पर गुस्सा हो जायेगा। मना करने पर वह कुछ बोला नहीं। भोजन करने के बाद वह कमरे चला गया। बुधवार को सुबह जब वह नहीं जगा तो फाटक को तो़ड़ा गया। अंदर कमरे में छत की कुंडी से दीपक लटका हुआ मिला। वह 11 वीं का छात्र था। मृतक के छोटे भाई बबलू का रो रो कर बुरा हाल है। ठेला चलाकर दोनो भाइयों का भरण पोषण करने वाले दादा भोला इस घटना से आहत हैं। अपना दर्द बयां करते हुये फफक पडे़। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष श्यामदेरवां रामपाल यादव ने बताया कि दीपक का शव कुंडे में फंदे से लटका हुआ मिला। फंदे से उतारने के बाद परिजनों से पूछताछ किया गया, इसके बाद पंचनामा कर शव को सौंप दिया गया।