धानी बाजार। गुरुवार को क्षेत्र के चारिगावां के पास क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को देख हत्या की आशंका जताई जा रही है। गांव के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आईडी से उनकी पहचान अभिनव झा के रूप में हुई।
वह सिद्धार्थनगर जिले में भूमि संरक्षण महकमे में बाबू के पद पर कार्यरत थे। मूलतः बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना अंतर्गत जारंगडीह गांव के है। वह सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय पर पूरे परिवार के साथ रहते थे।
गुरुवार को फरेंदा धानी मार्ग पर उनका शव पाया जाना सवालों से घिरा हुआ है। शव के पास कोई बाइक नहीं पाई गई जिससे दुर्घटना की संभावना हो। शव और घटना स्थल का मुआयना के बाद पुलिस किसी मुकाम पर नहीं पहुंची है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक घर पहुंचा दी है।
बृजमनगंज थाने के एसओ ज्ञानेंद्र राय का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ बता पाना संभव है। उधर मौत की सूचना पर विभाग के अधिकारी और सहयोगी पुलिस चौकी धानी पर पहुंचे थे। भूमि संरक्षण विभाग के बांके बिहारी, अशोक कुमार, रवींद्रनाथ पाठक, रामकृष्ण यादव, अलोक कुमार, वीपी सिंह, दिनेश मिश्र, वेदव्यास दूबे, रामजी पांडेय ने बताया कि अभिनव का उनकी पत्नी रचना से गोरखपुर में पारिवारिक मुकदमा चल रहा है।
उसी मुकदमे की आज तारीख थी, जिसे देखने के लिए वह गोरखपुर जा रहे थे। अभिनव झा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को मौजूद लोग पारिवारिक मुकदमे जोड़कर देख रहे थे। सहयोगियों के अनुसार अभिनव बहुत ही मिलनसार और मृदुभाषी थे। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है।