पाल्पा के गुलमी से सवारी भरकर बुटवल होते हुए सोनौली आ रही यात्री बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इसमें घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इनका इलाज पाल्पा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हो रहा है।
सोमवार की सुबह पाल्पा गुलमी बस पार्क से यात्रियों को लेकर बुटवल होते हुए सोनौली आ रही बस अर्गली कमेरे पानी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क से 300 मीटर नीचे खाई में गिर गई।
बस के गिरते ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया। घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। इसमें 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
मरने वालों में गुरहराज सिंह, झंगबहादुर, तथा युवराज खान्चा निवासी नेपाल के रहने वाले हैं। घायलों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने तत्काल गुलमी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सभी घायलों को भर्ती करा दिया है।
गुलमी जिला पुलिस उपाधीक्षक भेसराज सुवेदी ने बताया कि बस की गति तेज थी। यात्रियों की संख्या अधिक थी, इससे दुर्घटना हुई है।