महराजगंज। पकड़ी रेंज परिसर के बंदीगृह में बंद आरोपी को छुड़ाना सदर विधान सभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी को महंगा पड़ गया। क्षेत्रीय वनाधिकारी ओपी मिश्र की तहरीर पर सोमवार को सदर कोतवाली में बसपा प्रत्याशी निर्मेष मंगल सहित करीब 40 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
तहरीर के अनुसार सर्वजीत पुत्र रामचन्दर निवासी बीट नर्सरी को प्रतिबंधित क्षेत्र में निर्माण कराने के कारण शनिवार को उसे वन दरोगा अशोक सिंह ने रेंज कार्यालय के बंदीगृह में बंद किया था। इसकी जानकारी होने पर बड़ी संख्या में वनटांगिया रेंज परिसर में आ गए और वे सर्वजीत को छोड़ने की मांग करने लगे। लेकिन मामला सुलझ नहीं पाया। इसी बीच किसी ने इसकी जानकारी बसपा प्रत्याशी निर्मेष मंगल को दे दी।
थोड़ी देर में बसपा प्रत्याशी समर्थकों के साथ रेंज कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को छुड़ा लिया। इस संबंध में रेंजर ओपी मिश्र की तहरीर पर सोमवार को कोतवाली पुलिस ने बसपा प्रत्याशी निर्मेष मंगल सहित वीरेंद्र, प्रकाश, रामनरेश, रामचंदर, दिनेश, चुल्हाई, शिवबरन व अन्य 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि रेंजर ओपी मिश्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।