सिसवा बाजार। गोरखपुर-नरकटियागंज रेल खंड पर सोमवार दोपहर एक मालगाड़ी के निचले हिस्से से उठी चिंगारियों से आग की नौबत आ जाने पर रेलवे में अफरा तफरी मच गई।
सिसवा से बिहार की तरफ जा रही इस मालगाड़ी के एक वैगन के निचले भाग से चिंगारियां और धुआं उठता देख रेलवे फाटक संख्या 27 पर ड्यटी कर रहे गेटमैन राकेश चौरसिया ने लालझंडी लेकर ट्रेन के पीछे दौड़ना शुरू कर दिया। गेटमैन से खतरे का संकेत देख मालगाड़ी के गार्ड ने वॉकीटॉकी से ड्राइवर को सचेत किया। सिसवा खुर्द (अमडीहा) के पास ट्रेन रोककर जांच की तो मामला हॉट एक्सल का निकला।
मालगाड़ी वापस सिसवा लाकर तकनीकी स्टाफ से कमी दुरुस्त कराई गई। स्टेशन मास्टर से रेलवे कंट्रोल रूम होते हुए आगे बढ़ी इस जानकारी से अफसरों तक अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। अफसरों ने विशेषज्ञों से जांच कराने के बाद मालगाड़ी को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। गेटमैन सजग न होता तो धुरा गरम होने से उठ रही चिंगारियां बड़ी आग की शक्ल ले सकती थीं।