बेलवा टिकर पेट्रोल पंप के पास सोमवार की रात हथियार बंद बदमाशों ने एक दवा करोबारी के पेट में गोली मार दी जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। आननफानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। कारोबारी बाइक से अपने चाचा के साथ महराजगंज से दवा खरीदकर लौट रहा था। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। इधर घटना स्थल से सदर विधायक सुदामा प्रसाद के गुजरने और गाणी से न उतरने को लेकर लोग नाराज हो गए।
घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना चौराहे पर बासुदेव सरकार की डिस्पेंसरी व मेडिकल स्टोर है। सोमवार को वह अपने चाचा के साथ महराजगंज दवा खरीदने गए थे। रात करीब आठ बजे लौट रहे थे। घुघली थाना क्षेत्र के बेलवा टिकर के पास पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर बाइक पर पीछे बैठे बासुदेव के पेट में सटाकर गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए फरार हो गए। बासुदेव के चाचा ने घटना की जानकारी पुलिस को दी ।पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि कुछ साल से बासदेव के पिता एक हत्या के मामले में जेल में हैं। उसी हत्या से इस घटना को जोड़कर देखा जा रहा है। एएसपी हरगोविंद मौके पर पहुंचे और जांच किए। एसपी भारत सिंह का कहना है कि पुलिस पुरानी रंजिश व अन्य सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।