माफिया चीर रहे चट्टानों का सीना
- फोटो : अमर उजाला
खनन माफियाओं की दबंगई के आगे नायब तहसीलदार की टीम मूक दर्शक बनी रही। मामला नौरंगिया रोड का है डीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार रात को छापेमारी कर अवैध बालू से लदी ट्राली पकड़ ली। इस दौरान बालू माफिया ने न सिर्फ टीम के साथ बदसलूकी की नायब तहसीलदार को भी नहीं बख्शा। पकड़ी गई ट्राली लेकर चले गए। माफियाओं का तेवर देखकर टीम को उल्टे पांव वापस आना पड़ा
मंगलवार की देर रात 10 बजे डीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार सुनील कुमार और खनन अधिकारी टीम के साथ छापेमारी करने घुघली पहुंचे। यहां बालाक्षेत्र घाट, त्रिमुहानी, टेढ़वा, कोटवा बैकुठी सहित अन्य घाटों का निरीक्षण करने के बाद बैकुंठी नदी की तरफ जाने लगे। उसी दौरान सामने से आ रही बालू लदी ट्राली पर उनकी नजर पड़ी।
नायब तहसीलदार ट्राली रोककर अभी पूछ ताछ कर ही रहे थे कि दर्जनों लोगों के साथ बालू माफिया पहुंच गए और नायब तहसीलदार के साथ बदसलूकी पर उतर आए मामले को बिगड़ता देख नायब तहसीलदार ने पुलिस को सूचना दी जबतक पुलिस पहुंचती माफिया पकड़ी गई ट्राली ट्रैक्टर ले कर चलते बने। नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने बताया कि उन्होंने अवैध बालू लदी ट्राली को पकड़ा था तभी कुछ लोग मौके पर पहुंच ट्राली छोड़ने का दबाव बनाने लगे और उलझ गए । सूचना पुलिस को दी गई है।
पुलिस जब तक पहुंचती वे ट्राली लेकर चले गए। चौकी प्रभारी आरपी सिंह ने कहा की इसकी सूचना हमें बाद में मिली। जब हम गए तो वे लोग चले गए थे और मामला शांत हो गया था ।