महराजगंज। गबडुआ में सोमवार की रात एक शराबी पति ने पत्नी पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद स्वयं 100 नंबर डायलकर पुलिस को सूचना दी। बकरीद के एक दिन पहले हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के गबडुआ निवासी मसीउल्लाह सोमवार की रात अपने घर पर मौजूद था। एक दिन पहले ही वह गोरखपुर गया था और रसूलपुर में रहने वाली अपनी पत्नी फरीदा को बकरीद मनाने के लिए घर ले आया था। बताया जाता है कि आधी रात को किसी बात को लेकर पत्नी से कहासुनी हो गई।
उसके बाद वह घर में रखे चाकू से पत्नी के गले व शरीर पर कई बार वार कर मौत के घाट उतार दिया। मसीउल्लाह की ही सूचना पर घर पर पहुंची पुलिस ने खूनी पति को गिरफ्तार कर लिया।डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह व एसपी भारत सिंह भी सदर कोतवाली पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की।
इस मामले में पुलिस ने मृतका के भाई जलालुद्दीन निवासी मठिया थाना खूखंदू जनपद देवरिया की तहरीर पर मसीउल्लाह, उसके रिश्तेदार मुख्तार अहमद, सेराज अहमद व अनवारुन निशा निवासी बरियारपुर थाना पनियरा के खिलाफ दहेज हत्या, उत्पीड़न व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मसीउल्लाह को गिरफ्तार कर लिया। एसपी भारत सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।