पट्टे में फंसकर एक व्यक्ति की गई जान
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा (महराजगंज)। धान की कुटाई करते समय मशीन में फंसकर एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। व्यक्ति अपने ही मशीन से घर के सामने धान कूट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरेंदा थाना क्षेत्र के लेजार महदेवा टोला लीलाछापर निवासी रामपत गुप्ता (55) शनिवार की सुबह घर के सामने ट्रैक्टर मशीन जोड़कर धान की कुटाई कर रहे थे। अचानक उनके शरीर का कपड़ा पट्टे में फंस गया और मशीन ने अपनी तरफ खींच लिया। मशीन में फंसकर उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौत की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मशीन से शव को निकलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना विनोद चौधरी ने पुलिस को दी। एसआई हरिकेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उधर रामपत की पत्नी, भाई रामनेवास और पुत्र मथुरा व प्रदीप का रो रो कर बुरा हाल था।