दुकान बंद कराने मुद्दे को लेकर हुई कार्रवाई से सहमे व्यापारी
दूसरे पक्ष की तहरीर पर जांच की बात कह रही है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। कोल्हुई कस्बे में दुकानों को बंद कराने के मुद्दे को लेकर हुआ बवाल चर्चा का विषय बना हुआ है। व्यापारी पुलिस की कार्रवाई से सहमे हुए हैं। क्योंकि 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। वहीं पुलिस ने इस प्रकरण को लेकर गंभीर रुख अख्तियार लिया है। दूसरे पक्ष से मिली तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी है।
कोल्हुई कस्बे के रहने वाले देवानंद की तहरीर पर उपेंद्र सिंह, सोनू सिंह, मनोज सिंह और 20 अज्ञात पर बलवा, मारपीट, जानलेवा हमला करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि उपेंद्र की ओर से दी गई तहरीर पर अभी जांच चल रही है। क्षेत्र में हो रही चर्चा की मानें तो मामले को बेवजह तूल देने की कोशिश की जा रही है। खेमेबंदी की लड़ाई के लिए यह सब कुछ हो रहा है। लोगों का कहना है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर दुकानें बंद कराने की आड़ में व्यापारियों को परेशान किया गया। सपा जिलाध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि भाजपा नेताओं के इशारे पर पुलिस प्रशासन यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है। पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। एसपी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करना बेहद निंदनीय है। सपा के लोगों ने मिलकर पूरा बवाल किया। भाजपा कार्यकर्ताओं को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती जरूर करेगी। एएसपी आशुतोष शुक्ल का कहना है कि पुलिस की ओर से निष्पक्ष ढंग से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।