हादसे में 6 लोगों की मौत, 16 घायल
नेपाल के अरुणखोला के पास गहरे खाई में गिर गई बस
अमर उजाला ब्यूरो
नवलपरासी (नेपाल)। दशहरा पर्व पर टीका उत्सव मनाने के बाद अपने-अपने घरों के लिए वापस जाते समय नेपाल के धरान से भैरहवा की तरफ जा रही यात्री बस नवलपरासी के अरुणखोला के पास गहरे खाई में जा गिरी। जिससे बस में सवार छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य रूप से घायल हो गए। घायलों में से दो की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। इसकी जानकारी प्रहरी जिला कार्यालय पूर्वी नवलपरासी द्वारा दी गई। बताया गया कि में चालक को झपकी लग जाने के कारण यह हादसा हुआ।
नेपाल के नवलपरासी व रुपन्देही जनपद के लोग दूरदराज स्थित अपने रिश्तेदारी में टीका लगवाने के लिए गए हुए थे। शनिवार की रात वह बस से भैरहवा की तरफ आ रहे थे। रास्ते में नवलपरासी के अरुणखोला के करीब चालक को झपकी आ जाने के कारण बस अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरे खाई में जा गिरी। दुर्घटना की जानकारी होते ही मौके पर नवलपरासी पूर्वी नेपाल प्रहरी के जवान पहुंचकर राहत व बचाव कार्य में लग गए। इस हादसे में पांच लोगों मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य यात्री की उपचार के दौरान मौत हो गई।
जिला प्रहरी कार्यालय के अनुसार इस हादसे की प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि चालक को अचानक झपकी आ जाने के कारण यह हादसा हुआ। मृतकों में पांच लोगों की शिनाख्त हुई है। जिनमें नेपाल गुल्मी हस्तीचौर गांवपालिका 2 निवासी नेपाली सेना मोरंग लेटांग गण में तैनात तिलक विष्ट (35), मोरंग निवासी सोहन कार्की (11), भोजपुर निवासी रामजीत राई (27), सुनसरी निवासी जिला जन स्वास्थ्य कार्यालय पश्चिम नवलपरासी में कार्यरत अब्दुल अंसारी, भारतीय क्षेत्र बिहार निवासी विद्यानंद यादव शामिल हैं। वहीं, एक शव की पहचान अभी नहीं हो पाई है। इनके अलावा 16 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें से दो की हालत चिंताजनक बताई गई। लोगों के मुताबिक बस में कुल 52 यात्री सवार थे।