सिसवा बाजार। एसडीएम निचलौल व तहसीलदार को घेरने वाले आठ बालू माफियाओं पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। जिलाधिकारी वीरेंद्र सिंह के आदेश पर मंगलवार की रात लगभग दस बजे कोठीभार थानाक्षेत्र के शेषपुर के छोटी गंडक नदी से बालू खनन की शिकायत पर छापेमारी करने पहुंचे एसडीएम और तहसीलदार निचलौल को घेर लेने के मामले में तहसीलदार केशव प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान व बलवा आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस को दिए तहरीर में तहसीलदार केशव प्रसाद ने कहा है कि 6 सितंबर को डीएम के आदेश पर एसडीएम ज्ञानेश्वर प्रसाद, नायब तहसीलदार प्रद्युम्न पटेल, अर्दली सुरेंद्र, गार्ड राजेंद्र यादव, श्याम मोहन व उमाशंकर सिंह के साथ रात लगभग दस बजे ग्राम सभा शेषपुर में छापेमारी करने पहुंचे। मौके पर बालू से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया। उसी समय ग्राम सभा के सूर्यभान चौहान, मनोज चौहान, जीतन यादव, राजबहादुर, रविंद्र यादव, शत्रुजीत, झन्नन अपने साथ लगभग 25 की संख्या में अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंच गए और हम लोगों को घेर लिया।
बल पूर्वक ट्रैक्टर-ट्रॉली को वे अपने आदमियों के साथ लेकर चले गए। हमारे मना करने पर वे हमसे मारपीट पर उतारू हो गए। प्रभारी थानाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने बताया कि तहसीलदार के तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, धक्का देने, बलवा व खनन अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।