सड़क हादसे में किशोरी की मौत के बाद मौके पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
धर्मसिंहवां। क्षेत्र के अतरी नानकार पुलिया के पास शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार एक किशोरी की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। एक बाइक पर चार लोग सवार थे। किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था।
धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के महदेवा नानकार निवासी सरिता चौरसिया (14) पुत्री सोमन अपने मामा के लड़के विकास पुत्र राकेश चौरसिया व मामा की लड़की सोनी व अपनी बहन अंजनी के साथ शुक्रवार को सुबह करीब आठ बजे एक बाइक से लेहड़ा दुर्गा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। अभी वे बाइक से अतरी नानकार पुलिया के पास पहुंचे ही थे कि आगे जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने लगे। संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। जिसकी चपेट में आने से सरिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे विकास व अन्य दो संजनी व सोनी बुरी तरह घायल हो गए। हादसे की सूचना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाते ही एसओ धर्मसिंहवां अनिल पांडेय घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि घायलों को इलाज के लिए सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया। जहां तीनों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मौके से ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था। एसओ ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज किया गया है।