मिठौरा। दो दिन पहले चमगादड़ पकड़ने के मामले में बुधवार को सोनवल निवासी प्रेम सागर पुत्र पारस एवं उसके कोठीभार थानाक्षेत्र के कैमी निवासी रिश्तेदार नन्हू के अलावा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वन विभाग की टीम कार्रवाई में जुट गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सोनवल में गांव के लोगों ने चमगादड़ पकड़ने वालों को पकड़ा था। ग्राम प्रधान सेवक चौधरी ने सौ नंबर पुलिस को बुलाया भी था। सौ नंबर पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी थी। वन विभाग की टीम ने प्राथमिक विद्यालय सोनवल के पीछे बगीचे से चार बड़े चमगादड़ों को जाल सहित पकड़ा था। उसे नीचे उतार कर छोड़ दिया था। ग्राम प्रधान ने वन विभाग को तहरीर देकर दो नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
दक्षिणी चौक रेंज के रेंजर ओपी मिश्रा ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर पर दो नामजद तथा दो अज्ञात के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।