नौतनवा(ब्यूरो)। ग्राम पंचायत खैराटी के ग्राम प्रधान सर्वदा नंद के विरुद्ध स्थानीय थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत हुआ है। यह कार्रवाई खंड विकास अधिकारी नौतनवा के एक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। उक्त गांव निवासी गयासुद्दीन एवं रामप्रीत पासी ने आरोप लगाया था कि उनके लोहिया आवास योजना के मद का धन प्रधान ने निकालवा कर हड़प लिया है तथा उनके आवास का निर्माण अधूरा है।
इस पूरे प्रकरण की जांच खंड विकास अधिकारी नौतनवा द्वारा कराई गई । खंड विकास अधिकारी की जांच रिपोर्ट पर मुख्य विकास अधिकारी ने संस्तुति करते हुए उक्त दोनों लाभार्थियों की तहरीर पर स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया। पुलिस ने इस रिपोर्ट पर ग्राम प्रधान के खिलाफ धारा 419, 420, 323 व हरिजन एक्ट का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर श्रीधर पाठक ने बताया कि मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।