सेवानिवृत्त कानूनगो को पुलिस ने भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
नौतनवां। स्थानीय तहसील में तैनात रजिस्ट्रार कानूनगो शिव प्रसाद मिश्रा ने सेवानिवृत्त रजिस्ट्रार कानूनगो चंद्रभान प्रसाद पर एक पोखरी की पत्रावली लापता करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने आरोपी कानूनगो पर मुकदमा पंजीकृत किया था। मंगलवार को कस्बे से उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
नौतनवां तहसील में कार्यरत रजिस्ट्रार कानूनगो शिव प्रसाद मिश्रा ने थाना में तहरीर देकर सेवानिवृत्त कानूनगो चंद्रभान प्रसाद निवासी पतरेंगवा टोला शीतलपुर, थाना कोतवाली महराजगंज पर पोखरी संख्या 208 रकबा 0.858 हेक्टेयर, 10 वर्षीय मत्स्य पालन के लिए स्वीकृति की पत्रावली लापता करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 409 आइपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मुखबीर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को कस्बे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक बिहागड़ सिंह यादव ने बताया आरोपित चंद्रभान प्रसाद सेवानिवृत्त रजिस्ट्रार कानूनगो को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।