गोसदन से पशु चोरी करने वाले को पकड़ा गया
मामले की जांच करने गोसदन पहुंचे एसडीएम और सीओ
अमर उजाला ब्यूरो
ठूठीबारी। मधवलियां गोसदन से बछड़े को चोरी कर उसके मुंह को बांध क्रूरता पूर्वक लेकर जा रहे एक व्यक्ति को गोसदन के सेवकों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
ग्रामसभा मैरी गांव के दक्षिण स्थित मधवलियां गोसदन से मंगलवार रात करीब 10 बजे कुछ लोग गोसदन के बछड़ों को चोरी ले जा रहे थे। इसकी भनक गोशाला समिति के लोगों को हुई तो घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया। अन्य लोग फरार हो गए। इसकी सूचना ठूठीबारी कोतवाली पुलिस को दी गई तो मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। बुधवार दोपहर निचलौल एसडीएम देवेंद्र कुमार, सीओ रणविजय सिंह वहां पहुंचकर जांच-पड़ताल की। इस दौरान ठूठीबारी कोतवाल छोटेलाल, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीके मौर्य, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश पटेल आदि मौजूद रहे। सीओ रणविजय सिंह ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति पड़ोसी देश नेपाल के नवलपरासी जिले के हरखपुरा गांव थाना पचफेडवां निवासी इमाम अली है। गोसदन सुपरवाइजर सचिन गुप्ता की तहरीर पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।