एटीएम कॉर्ड बदलकर निकाल लिए 40 हजार
अमर उजाला ब्यूरो
निचलौल। कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवां मार्ग पर सबया गांव में लगे एटीएम पर रकम निकालने पहुंचे एक व्यक्ति को झांसा देकर जालसाज ने एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में मोबाइल पर खाते से 40 हजार रुपये निकल जाने का मैसेज आया। बैंक खाते से रुपये निकल जाने संबंधी मैसेज आने से परेशान खाताधार ने इसकी जानकारी बैंक अधिकारियों पुलिस को सूचना दी है।
पैकौली खुर्द गांव निवासी दीनानाथ विकास खंड निचलौल में सफाई कर्मी पद पर तैनात हैं। गांव में सफाई कार्य करने के बाद दोपहर में करीब दो बजे घर लौटते वक्त सिसवा मार्ग पर गांव सबया में लगे स्टेट बैंक आफ इंडिया के एटीएम पर रुपये निकालने पहुंचे। एटीएम में दो बार प्रयास के बाद भी रुपये नहीं निकलने पर पीछे खड़े ने युवक ने मदद के बहाने एटीएम कॉर्ड बदल लिया। दीनानाथ जब घर चले गए तो कुछ देर बाद मोबाइल पर खाते से 40 हजार निकल जाने का मैसेज आया। खाते से रुपये निकल जाने का संदेश देख वह परेशान हो गए। आसपास के लोगों की सलाह पर कस्बे में स्थित एसबीआई बैंक पर पहुंचे और वहां के अधिकारियों को इसकी जानकारी देकर एटीएम कोड लॉक करा दिया। इस संबंध में कोठीभार थानाध्यक्ष अरुण कुमार राय का कहना है कि मामला संज्ञान में है। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे से जालसाज की पहचान कराई जा रही है। जालसाज की पहचान हो जाने पर कार्रवाई की जाएगी।