महराजगंज। घुघली ब्लाक में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में दो करोड़ रुपये का घपला पकड़ में आया है। डीएम ने इस मामले में पूर्व ब्लाक प्रमुख सहित 11 लोगों से रकम की वसूली के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ रामसिंहासन प्रेम ने बताया कि इस सिलसिले में तत्कालीन ब्लाक प्रमुख सुशीला से 6774731 रुपये, बीडीओ देवेश चंद से 3616438, कृष्ण कुमार से 1567509, हूबलाल से 1533484, एडीओ एजी गोपाल प्रसाद से 5326625, कार्यप्रभारी ऋषिकेश से 119117, मृत्युंजय द्विवेदी से 572276, मनोज कुमार से 604740, एडीओ (सहकारिता) विनय प्रकाश से 27310, सुनील कुमार पटेल से 9938, कनिष्ठ लेखा लिपिकीय चंद्र मोहन से 48328 रुपये की रिकवरी का नोटिस जारी किया गया है।
घपला वर्ष 2012-13 से 2014-15 में बीआरजीएफ, राज्यवित्त आयोग तथा मनरेगा के फंड से हुए कामों और भुगतान पर आधारित शिकायत की जांच में पकड़ा गया। किसी कार्य में टेंडर नहीं किया गया था तो कहीं कोटेशन के आधार पर सामग्री की आपूर्ति कराई गई थी।
90 प्रतिशत कार्यों में एक ही फर्म को भुगतान के अलावा अन्य कई गड़बड़ियां भी मिलीं। जांच टीम ने करीब दो करोड़ दो लाख रुपये के दुरुपयोग की रिपोर्ट दी। इसे प्रथम दृष्ट्या वित्तीय अनियमितता माना गया।
डीपीआरओ मनोज त्यागी ने बताया कि डीएम के रिकवरी निर्देश के क्रम में एक तिहाई धनराशि तत्कालीन ब्लाक प्रमुख से, एक तिहाई तत्कालीन बीडीओ तथा शेष एक तिहाई धनराशि की वसूली तत्कालीन कार्य प्रभारियों से की जाएगी।
पत्रावली गायब करने वाले के खिलाफ एफआईआर के निर्देश
एक तरफ जहां जिलाधिकारी ने सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में ग्यारह लोगों से रिकवरी का आदेश जारी किया है। वहीं घुघली ब्लाक से एमबी बुक सहित 49 पत्रावलियों के गायब करने वाले दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने को बीडीओ घुघली को निर्देश जारी किया है।