स्कॉर्पियो-ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई, पांच घायल
फरेंदा। लेहड़ा खास के पास ट्रैक्टर ट्रॉली और स्कॉर्पियो में बुधवार की शाम सात बजे टक्कर हो गई। इसमें ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी बनकटी ले जाया गया। जहां से एक व्यक्ति की गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के परसोहियाया निवासी लियाकत अली (40) ट्रैक्टर ट्रॉली पर धान लोड करने के लिए लेहड़ा खास गांव में गए थे। जहां से लौटते समय गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर पहुंचे कि रानीपुर की तरफ से फरेंदा की तरफ आ रही स्कार्पियो में टक्कर हो गई। ट्रॉली पर सवाल शत्रुघ्न यादव (50), महेंद्र (35), दीपक यादव (35), रामबरन (35) घायल हो गए। घटना की सूचना फरेंदा पुलिस को मिलते ही मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी लाया गया। जहां से लियाकत अली की गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया। टक्कर के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क पर पलट गई थी। इसके कारण आवागमन थोड़ी देर के लिए बाधित रहा। इस संबंध में एसओ सत्येंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वाहन को कब्जे में ले लिया गया।