गेस्ट हाउस के किराये पर विदेशी नागरिक का हंगामा
गेस्ट हाउस के मैनेजर व मालिक के बेटे की आंख में मिर्च स्प्रे की
अमर उजाला ब्यूरो
नौतनवां। नगर के अस्पताल चौराहे के समीप स्थित एक गेस्ट हाउस में ठहरे एक अमेरिकी नागरिक से गेस्ट हाउस के मैनेजर की ओर से किराये को लेकर हुई नोकझोंक के बाद हंगामा मच गया। विदेशी नागरिक ने गेस्ट हाउस के मालिक के बेटे व उसके मैनेजर की आंख में मिर्च स्प्रे कर दी। स्प्रे से दोनों की हालत गंभीर हो गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस सभी को थाने लाकर जांच में जुटी है।
गेस्ट हाउस के मालिक गोपाल जोशी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि अमेरिकी नागरिक एमोन घनेइएन बीते 11 दिनों से उनके गेस्ट हाउस में रुका हुआ है। बुधवार की सुबह वह अपना सामान लेकर जाने की फिराक में था। इसी बीच मैनेजर ने उससे बकाये किराये की मांग की। इस पर एमोन ने देने से इनकार कर दिया और नोकझोंक करने लगा। इसी बीच मालिक का बेटा अभिषेक मौके पर पहुंचा तो एमोन ने दोनों की आंखों में मिर्च स्प्रे कर दी। इससे दोनों की हालत गंभीर हो गई। वहीं, पुलिस को दिए बयान में विदेशी नागरिक का कहना था कि गेस्ट हाउस में बेहद गंदगी के कारण उसके कान में संक्रमण हो गया था। इसका इलाज वह गोरखपुर के एक अस्पताल में कराकर लौटा है। वह गेस्ट हाउस से बाहर जा रहा था। तभी वहां मौजूद लोगों ने उसे जबरन रोकने का प्रयास किया। इसके बाद उसने मिर्च स्प्रे का इस्तेमाल किया। चौकी प्रभारी नीरज राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। घटना की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।