सोनौली(महराजगंज)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के शेख फरेंदा गांव के पास नो मेंस लैंड पर तस्करों को पकड़ने के दौरान नेपाल पुलिस ने गोली चली दी। जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। युवक के चाचा को नेपाल पुलिस अपने साथ ले गयी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बृहस्पतिवार की शाम सरहदी गांव शेख फरेंदा के नोमेंस लैंड पर दिलीप कुमार उर्फ दिल्ली एवं उसके चाचा जगनारायण को नेपाल खुफिया पुलिस ने तीन असलहों के साथ पकड़ कर नेपाल ले जा रही थी। दोनों अपने बचाव के लिए गांव वालों को बुलाने लगे। जिस पर नेपाल पुलिस की टीम ने हवाई फायरिंग कर दी। ग्रामीणों को अपने तरफ आता देख नेपाल पुलिस ने फिर गोली चला दी, जिसमें दिलीप कुमार (27) घायल हो गए और जगनारायण को वह अपने साथ नेपाल लेकर चले गए। सूचना पर पहुंची यूपी 100 की टीम ने लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए न्यू पीएचसी नौतनवां ले गई। जहां गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां रास्ते में दिलीप की मौत हो गई। कोतवाल विजय राज सिंह ने बताया कि नेपाल भैरहवां पुलिस से बात हुई है। नेपाल खुफिया पुलिस ने मृतक युवक दिलीप कुमार उर्फ दिल्ली निवासी शेख फरेंदा और उसके चाचा जगनारायण के पास तीन असलहे बरामद किए हैं। जिसमें जगनारायन को नेपाल पुलिस अपने साथ लेकर गई। घटना की जांच की जा रही है।