ट्रेन से गिरकर युवक जख्मी, रेफर
सिसवा बाजार। सहरसा से आनंद बिहार जा रही 04423 अप जनसाधारण एक्सप्रेस से बृहस्पतिवार की भोर में कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्राम सभा मटियरियां के पास एक 19 वर्षीय युवक गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
इस हादसे के दौरान मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने तुरंत 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस बुलाया। जिससे जख्मी युवक को सिसवा पीएचसी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने घायल युवक की गंभीर स्थिति को देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बेगुसराय (बिहार) जनपद के ग्राम सभा भवानंदपुर मुजफ्फरा निवासी स्वर्गीय मुन्ना का 19 वर्षीय पुत्र मेराज दिल्ली में एक जूते-चप्पल की फैक्ट्री में काम करके अपने घर का जीविकोपार्जन करता है। मेराज विगत ईद की छुट्टी में घर आया था। छुट्टियां बिताने के बाद मेराज बुधवार की शाम दिल्ली जाने के लिए मुजफ्फरपुर स्टेशन से 04423 अप सहरसा-आनंद बिहार जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुआ। बृहस्पतिवार की भोर में क्रॉसिंग होने की वजह से ट्रेन जैसे ही सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन पर रुकी तो मेराज की नींद खुल गई और वह सीट से उठकर गेट के पास आकर खड़ा हो गया। कुछ ही मिनट में ट्रेन रवाना हुई और जैसे ही ग्राम सभा मटियरियां के पास पहुंची थी कि मेराज को झपकी आ गई और वह ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से जख्मी होकर कराहता रहा।
सुबह जब उजाला हुआ और ग्रामीण घर से बाहर निकले तो उन्हें किसी के चीखने की आवाज सुनाई पड़ी। मौके पर पहुंच कर देखा तो मेराज गंभीर रूप से जख्मी हालत में रेलवे लाइन के किनारे पड़ा हुआ था। जिसके बाद उन्होंने तुरंत कोठीभार थाना सहित 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस बुलाया और मेराज को सिसवा पीएचसी पर भर्ती कराया। जहां मेराज की गंभीर स्थिति देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।