मारपीट में जमीन पर पटका, बड़े भाई की मौत
एएसपी एवं सीओ ने मौके पर पहुंचकर की जांच
पत्नी की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मोहम्मदपुर में गुरुवार को देर रात दो भाइयों के बीच हाथापाई हो गई। इस झगड़े में छोटे ने बड़े भाई को जमीन पर पटक दिया। जिससे मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। एएसपी आशुतोष शुक्ला और सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मोहम्मदपुर में गुरुवार को देर रात दो भाइयों में मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान छोटे ने बड़े भाई को जमीन पर पटक दिया। इससे मौत हो गई। मोहम्मदपुर निवासी श्रीराम उर्फ कतवारू (55) मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार को देर रात काम से घर पहुंचे तो उनका छोटा भाई परशुराम (45) गांव के ही एक व्यक्ति से नोकझोंक कर रहा था। श्रीराम ने हस्तक्षेप किया तो दोनों ने मिलकर श्रीराम का ही गला दबाकर जमीन पर पटक दिया। इसे श्रीराम की मौत हो गई। परिजनों ने इसकी सूचना श्यामदेउरवां पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष निर्भय सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी जानकी देवी की तहरीर पर परशुराम तथा सर्वदेव निषाद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
-----------------
एक माह के अंदर खुशियां मातम में बदली
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर में श्रीराम की हत्या कर दी गई। वह मेहनत मजदूरी करके आजीविका चलाते थे तथा उनकी पत्नी भी दूसरे के घरों में काम करके अपना व परिवार का भरण-पोषण करती रहीं। उनसे चार बेटे व तीन बेटियां हैं। गरीबी झेल रहे श्रीराम ने तीन बेटियों की शादी पहले ही कर दिया था। बड़े बेटे की भी शादी हो गई। दूसरे बेटे दुर्विजय की शादी पिछले माह 12 मई को हुई है। दो बेटों की शादी अभी नहीं हो पाई है। एक माह पहले घर में शहनाई बजी थी। परिजन खुशियां मना रहे थे, इस बीच एक माह के अंदर ही खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।