प्रधान और पूर्व प्रधान के बीच मारपीट, नौ घायल
फोटो:-
दोनों पक्षों से चले ईंट-पत्थर, मची भगदड़
अमर उजाला ब्यूरो
महारजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के बरगदवां राजा में प्रधानी चुनाव की रंजीश में प्रधान और पूर्व प्रधान पक्ष में जमकर मारपीट हुई। नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ईंट- पत्थर भी चले। इससे गांव में भगदड़ मच गई। मारपीट की घटना से गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। दोनों पक्षों पर मारपीट समेत अन्य धारा के तहत पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। गांव में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
गुरुवार को बरगदवां राजा गांव के प्रधान रामसवारे यादव और पूर्व प्रधान पप्पू के बीच चुनावी रंजीश में मारपीट हो गई। दोनों के बीच मारपीट होता देख समर्थक और घरवाले भी पहुंच गए। इसके बाद तो दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई। करीब आधे घंटे तक चले ईंट-पत्थर में नौ लोग घायल हो गए। गांव के लोगों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर बाद कोतवाली पुलिस गांव में पहुंची। किसी तरह मामला शांत हुआ। बताया जाता है कि प्रधानी चुनाव के दौरान भी दोनों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद से दोनों में अदावत चल रही थी। गुरुवार को पुरानी बात को लेकर नोकझोंक शुरू होने पर मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों से नीतू (30), रामसवारे (45), सुर्दशन (45), प्रवीण (45), बृजेश यादव (50), राममिलन (65), हरिपाल यादव (40), जोगिंदर यादव (36), रामदवन यादव (40) घायल हो गए। कोतवाल रामदवन मौर्य ने बताया कि प्रधान राम सवारे यादव की तहरीर पर 13 लोगों के खिलाफ नामजद और 14 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। दूसरा पक्ष से पूर्व प्रधान पप्पू उर्फ प्रवीण यादव की तहरीर पर आठ नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भेजने के साथ की गांव में पुलिस तैनात कर दी गई।