व्यवसायी से आठ हजार की लूट
छातीराम पेट्रोल पंप के पास हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के छातीराम पेट्रोल पंप के पास गुरुवार की रात में बाइक सवार लुटेरों ने व्यवसायी को चाकू दिखाकर उसकी जेब में रखे आठ हजार रुपये छीन लिए और मारपीट कर फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। डायल 100 पुलिस को फोन कर इस मामले से अवगत कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्र के सेमरा चंद्रौली निवासी विजय यादव का छपिया चौराहे पर जनरल स्टोर की दुकान है। रोजाना की तरह विजय गुरुवार की रात दुकान बंद कर बिक्री के आठ हजार रुपये जेब में रख कर अपनी बाइक से परतावल दवा लेने जा रहे थे। वह छातीराम पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे थे कि तीन बाइक पर सवार सात लोगों ने उनकी बाइक रोकी और चाकू दिखाकर उनकी जेब में रखे आठ हजार रुपये निकाल कर मारपीट कर फरार हो गए। थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने बताया कि लूट की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। तहरीर मिली है। इस मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।